NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चंबा के भरमौर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म मामले की एडीजी करेंगे जांच

शिमला।21।08।2025

dushkarm

शिमला। भाजपा विधायक डॉ. जनकराज ने बुधवार को विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भरमौर के एक अनाथ आश्रम में पढ़ रही नाबालिग छात्रा से हुए दुष्कर्म का मामला उठाया। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को बाल संरक्षण और चाइल्ड वेलफेयर योजनाओं को लेकर और ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि जैसे ही विधायक का फोन आया, तुरंत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अब इस संवेदनशील मामले की जांच एडीजी स्तर के अधिकारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक डॉ. जनकराज ने इस मामले के जरिए सरकार की चाइल्ड केयर स्कीम और चाइल्ड राइट्स योजनाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर जमीनी स्तर पर गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
उन्होंने भरमौर जैसे दुर्गम क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर आशंका जताई कि प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की होगी। डॉ. जनकराज ने कहा कि अनाथालयों और आश्रमों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसे दुरुस्त करना बेहद जरूरी है।

इस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनाई राम शांडिल ने भी माना कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और कहा कि सरकार बाल संरक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त बनाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

Scroll to Top