विपक्ष ने संसद के मानसून सत्र को बनाया राजनीति का अड्डा : अनुराग ठाकुर
शिमला । पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद के मानसून सत्र की समाप्ति पर विपक्ष को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पूरे सत्र को जनहित मुद्दों पर चर्चा के बजाय अपनी ओछी राजनीति और अराजकता में उलझाकर बर्बाद कर दिया।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से संवैधानिक संस्थाओं और संसद से ऊपर खुद को मानती रही है। उन्होंने कहा – “कांग्रेस ने राष्ट्रहित से अधिक स्वहित को प्राथमिकता दी है। इस मानसून सत्र में भी उन्होंने चर्चा से भागने और कार्यवाही को अवरुद्ध करने का काम किया। संसद का समय अमूल्य होता है, लेकिन विपक्ष ने इसे जनता के मुद्दों पर इस्तेमाल करने की बजाय राजनीतिक प्रदर्शन का अड्डा बना दिया।
भाजपा सांसद ने विपक्ष पर करदाताओं का अपमान करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने न केवल संसद का समय बर्बाद किया बल्कि देश की जनता के साथ भी अन्याय किया। “ये लोग संविधान की किताब तो हाथ में लेते हैं, लेकिन संविधान को मानते नहीं हैं। चर्चा और अपनी जिम्मेदारी से विपक्ष भागता रहा,” ठाकुर ने कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा देश के प्रधानमंत्री, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को कानून के दायरे में लाने की पहल कर रही है, जबकि कांग्रेस और विपक्ष इस पर अड़ंगा डाल रहे हैं। “कांग्रेस पार्टी शुरू से ही राजशाही मानसिकता की शिकार रही है। वो खुद को कानून से ऊपर समझती है। सवाल तो करती है, लेकिन जवाबदेही से बचना चाहती है,” ठाकुर ने कहा।