झूठी गारंटियों से सत्ता हथियाने वाली कांग्रेस जनता से मांगे माफी : जयराम ठाकुर
शिमला।22।08।2025
शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में वोट चोरी और जनादेश हथियाने की सबसे बड़ी दोषी कांग्रेस है। शिमला से जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने झूठी गारंटियों के नाम पर सत्ता हथियाई और अब उन्हीं गारंटियों से भाग रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के मुंह से वोट चोरी की बात करना बेशर्मी की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि जिन गारंटियों के दम पर कांग्रेस सत्ता में आई थी, आज उन्हीं से किनारा कर रही है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दस गारंटियां देकर जनता को भ्रमित किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद वे गारंटियां ठंडे बस्ते में डाल दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री खुद सदन के भीतर कह चुके हैं कि एक लाख रोजगार देने का कोई वादा ही नहीं किया गया था। यह जनता के साथ विश्वासघात और वोट चोरी का साफ उदाहरण है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादों और छल से सत्ता में आई है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है और प्रदेश के लोगों के वोटों की सीधी चोरी है। कांग्रेस को जनता से माफी मांगते हुए सत्ता छोड़ देनी चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस खुद गुटबाजी में उलझी हुई है और मुख्यमंत्री को चाहिए कि वह देखें और गिनें कि उनकी ही पार्टी कितने धड़ों में बंटी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार केवल गिने–चुने विधानसभा क्षेत्रों पर ही ध्यान केंद्रित कर रही है। केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली विकास परियोजनाओं के डीपीआर भी सीमित विधानसभा क्षेत्रों तक ही सीमित रखी जा रही हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों की अनदेखी की जा रही है। इससे सत्ता पक्ष के विधायक भी परेशान हैं और सदन के भीतर मुख्यमंत्री से आश्वासन मांगने को मजबूर हो रहे हैं। जयराम ठाकुर ने इसे प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि मुख्यमंत्री का यह रवैया लोकतांत्रिक भावना के विपरीत है।