ब्रिटेन में भिवानी के एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल का निधन, 94 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
भिवानी |22|08|2025
ब्रिटेन स्थित कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक और भिवानी मूल के प्रमुख एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल का बृहस्पतिवार शाम लंदन में 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें हाल ही में बीमार पड़ने के कारण लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में अंतिम सांस ली। स्वराज पॉल का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था और 1960 के दशक में अपनी छोटी बेटी अंबिका के कैंसर के इलाज के लिए ब्रिटेन गए थे।
दुर्भाग्यवश, उनकी बेटी चार साल की उम्र में ही निधन हो गई, जिसके बाद उन्होंने उसकी याद में अंबिका पॉल फाउंडेशन की स्थापना की, जो शिक्षा और स्वास्थ्य पहलों के माध्यम से दुनिया भर के बच्चों और युवाओं की भलाई के लिए लाखों डॉलर का योगदान करता रहा। अपने जीवन में उन्होंने और भी कई दुख देखे; 2015 में उन्होंने अपने बेटे अंगद पॉल और 2022 में पत्नी अरुणा पॉल को खोया। पत्नी की याद में उन्होंने लेडी अरुणा स्वराज पॉल हॉल का उद्घाटन किया और कहा था कि यह हॉल उनकी अद्भुत पत्नी को श्रद्धांजलि है। व्यवसाय में उनकी मेहनत और दूरदर्शिता के चलते वे ब्रिटेन के सबसे अमीर उद्योगपतियों में शामिल रहे और संडे टाइम्स रिच लिस्ट में नियमित रूप से जगह बनाते रहे।
इस साल उनकी संपत्ति लगभग 2 बिलियन पाउंड (GBP) आंकी गई। उनका कारोबार मुख्य रूप से कैपारो समूह के माध्यम से चलता है, जो स्टील और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करता है और जिसका संचालन यूके, उत्तरी अमेरिका, भारत और मध्य पूर्व में होता है। उनके बेटे आकाश पॉल इस समूह के निदेशक और कैपारो इंडिया के अध्यक्ष हैं। भिवानी जिले के उनके परिवार का गांव से गहरा जुड़ाव रहा है और पिछले साल उनका पोता गांव आया था, जिससे पता चलता है कि उन्होंने विदेश में रहकर भी अपनी मिट्टी और जड़ों से हमेशा लगाव बनाए रखा। उनके निधन की खबर से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। लॉर्ड पॉल ने अपने जीवन में व्यवसाय, राजनीति और समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया और परोपकार के क्षेत्र में हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा बने रहे।