NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

42 घंटे बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार कैदी, कांगड़ा से पकड़ा गया

ऊना/23/08/2025

images

मैहतपुर से फरार हुआ विचाराधीन कैदी पुलिस के 42 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पकड़ में आ गया। आरोपी गुलशन निवासी खोली, तहसील व जिला कांगड़ा को पुलिस ने शुक्रवार को कांगड़ा से दबोच लिया। गुलशन बनगढ़ उपकारागार में पोक्सो समेत अन्य मामलों में बंद था। फिलहाल पुलिस उसे ऊना लेकर आ रही है।

बुधवार शाम को गुलशन को सोलन कोर्ट में पेशी के बाद ऊना लाया जा रहा था। इसी दौरान मैहतपुर बाजार में उसने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और फरार हो गया। उसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

घटना के बाद थाना प्रभारी मैहतपुर अंकुश डोगरा की अगुवाई में पांच सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने शुक्रवार को कांगड़ा से उसे गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि वही दो पुलिसकर्मी, जिनकी कस्टडी से आरोपी भागा था, गिरफ्तारी करने वाली टीम का हिस्सा बने। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गुलशन को पकड़ लिया गया है और अब उसे ऊना लाया जा रहा है।

Scroll to Top