NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हनुमानजी पहले अंतरिक्ष यात्री थे – अनुराग ठाकुर का अनोखा बयान

बच्चों को दिया परंपरा से जुड़ने का संदेश

anurag thakur

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित पीएम श्री स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बच्चों से सवाल पूछा – “अंतरिक्ष में जाने वाला पहला व्यक्ति कौन था?”। इस पर स्कूली बच्चों ने एक सुर में जवाब दिया – “नील आर्मस्ट्रांग।”

अनुराग ठाकुर ने बच्चों के उत्तर को मुस्कुराते हुए रोकते हुए कहा कि उनके अनुसार सबसे पहले अंतरिक्ष में जाने वाले व्यक्ति पवनपुत्र हनुमानजी थे। उन्होंने कहा कि हमें केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी परंपराओं, ग्रंथों और संस्कृति की ओर भी देखना चाहिए। ठाकुर ने शिक्षकों और प्रिंसिपल से कहा कि वे बच्चों को किताबों के बाहर ले जाकर भारतीय परंपरा और ज्ञान का परिचय कराएँ।

उन्होंने इस दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई प्रदर्शनी और कार्ड्स की भी सराहना की। ठाकुर ने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता देखकर वे बेहद खुश हैं और उनके बनाए कार्ड्स में से दो कार्ड वे अपने साथ लेकर जा रहे हैं।

हालाँकि, उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कुछ लोगों ने इसे मज़ेदार अंदाज़ में लिया और लिखा कि “NASA तो अब सोच में पड़ गया होगा।” वहीं, कुछ यूज़र्स ने आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह के बयानों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच की जगह भ्रम पैदा हो सकता है।

गौरतलब है कि वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार, सबसे पहले अंतरिक्ष में जाने वाले व्यक्ति सोवियत संघ के यूरी गगारिन थे, जिन्होंने 1961 में पृथ्वी की परिक्रमा की थी। वहीं, चाँद पर कदम रखने वाले पहले इंसान अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग थे।

Scroll to Top