NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के निधन पर व्यक्त की संवेदना

मौसम के मद्देनजर दिए जरूरी निर्देश

cm sukhu

चम्बा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को मणिमहेश यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

खराब मौसम के कारण मणिमहेश यात्रा को अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के उपायुक्तों से अनुरोध किया है कि मौसम सामान्य होने तक तीर्थयात्रियों को संबंधित जिलों में ही रोका जाए।

प्रदेश में जारी भारी बारिश के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने लोगों से नदियों और नालों के पास जाने से बचने की अपील की। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उन्होंने सभी से जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को भूस्खलन, सड़क अवरोध और अचानक बाढ़ जैसी आपात स्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और आवश्यक सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Scroll to Top