पौंग बांध से जल निकासी ने बढ़ाई चिंता, जलभराव से कई इलाके प्रभावित
प्रशासन अलर्ट, अब तक 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
कांगड़ा। पौंग बांध से लगातार की जा रही जल निकासी से निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रशासन लगातार प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है। इसके बावजूद कुछ लोग अब भी अपने घर और मवेशियों को छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी इसी प्रकार की स्थिति बनी थी, जब 2 हजार से अधिक लोग पानी में फंस गए थे और उन्हें थल व वायु सेना की मदद से हैली रैस्क्यू करना पड़ा था। इस बार भी हालात बिगड़ने लगे हैं। मंगलवार को मंड बहादपुर से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने प्रशासन की मदद से 7 व्यक्तियों को सुरक्षित रैस्क्यू किया।
एसडीएम विश्रुत भारती ने बताया कि स्थानीय नाविक सलीम और भूतपूर्व सैनिक नूर मुहम्मद प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 107 व्यक्तियों को नाविकों की मदद और प्रशासन की अपील के माध्यम से खतरे वाले स्थानों से सुरक्षित पलायन करवाया गया है।
प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी राहत शिविर भी स्थापित किए हैं। इन शिविरों में रहने, खाने और चिकित्सा सुविधा की पूरी व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो।