NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में अब शैक्षणिक सत्र के अंत में होगी शिक्षकों की रिटायरमेंट, सरकार ने बढ़ाई सेवा आयु

शिमला/28/08/2025

sarkar

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और शिक्षा संस्थानों से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में शिक्षक और शैक्षणिक विभागों के कर्मचारी शैक्षणिक सत्र के बीच में रिटायर नहीं होंगे, बल्कि उनकी सेवानिवृत्ति सत्र के अंत में ही होगी। वित्त विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, अब सेवानिवृत्ति की आयु 58 साल से बढ़ाकर 59 साल कर दी गई है। साथ ही चालू शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को सत्रवार पुनर्रोजगार देने का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त को इस संबंध में घोषणा की थी।

इस फैसले से स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आयुष शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभागों में कार्यरत शिक्षकों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अधिसूचना में कहा गया है कि जो शिक्षक शैक्षणिक सत्र के दौरान सेवानिवृत्ति आयु प्राप्त करेंगे, वे सत्र समाप्त होने तक अपनी सेवा जारी रख सकेंगे। इससे न केवल संस्थानों को सत्र के बीच में शिक्षकों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, बल्कि छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक योजनाएं भी बाधित नहीं होंगी।

पुनर्रोजगार की शर्तें और लाभ सरकार ने स्पष्ट किया है कि सेवानिवृत्ति और पुनर्रोजगार की अवधि के दौरान शिक्षकों को निश्चित पारिश्रमिक दिया जाएगा, जिसकी गणना उनके अंतिम वेतन और पेंशन के बीच के अंतर के आधार पर होगी। वहीं, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, भविष्य निधि और पेंशन कम्यूटेशन जैसे लाभ पुनर्रोजगार अवधि पूरी होने के बाद ही दिए जाएंगे। हालांकि, नियमित पेंशन सेवानिवृत्ति की तारीख से ही शुरू हो जाएगी।

जो शिक्षक पुनर्रोजगार नहीं चाहते हैं, उन्हें अपनी सेवानिवृत्ति की तिथि से 60 दिन पहले संस्थान को लिखित रूप में सूचित करना होगा। अधिसूचना के अनुसार, जो शिक्षक नोटिफिकेशन जारी होने से अगले 60 दिनों के भीतर रिटायर हो रहे हैं, वे अपनी सेवानिवृत्ति से पहले कभी भी यह विकल्प चुन सकते हैं।

अलग-अलग संस्थानों की सत्र समाप्ति तिथियां

स्कूली शिक्षा: 31 मार्च 2026

उच्च शिक्षा: 31 मई 2026

चिकित्सा शिक्षा: 31 मार्च 2026

आयुष शिक्षा: 30 अप्रैल 2026

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई): 31 जुलाई 2026

पॉलिटेक्निक: 30 जून 2026

इंजीनियरिंग कॉलेज: 30 जून 2026

फार्मेसी कॉलेज: 30 जून 2026

सरकार के इस फैसले से शिक्षण संस्थानों में पूरे साल पढ़ाई का माहौल कायम रहेगा और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बिना किसी व्यवधान के मिल सकेगी।

Scroll to Top