हिमाचल के किसानों को बड़ी सौगात: अडानी एग्री फ्रैश ने बढ़ाए सेब के दाम
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अडानी एग्री फ्रैश लिमिटेड ने इस सीजन में किसानों को पिछली बार से 12.5 प्रतिशत अधिक कीमत देने का ऐलान किया है। कंपनी ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ क्वालिटी के सेब का शुरुआती रेट 90 रुपए प्रति किलोग्राम तय किया है, जो पिछले साल से 10 रुपए ज्यादा है।
24 अगस्त को कंपनी ने सेब की खरीद 85 रुपए प्रति किलो से शुरू की थी, लेकिन किसानों के भले के लिए इसे बढ़ाकर 90 रुपए कर दिया गया। अडानी के इस कदम के बाद अन्य खरीदार कंपनियों पर भी अपने रेट्स रिवाइज करने का दबाव बढ़ गया है। कंपनी के सभी प्रोक्योरमेंट सेंटर्स पर अब नए रेट के अनुसार खरीद शुरू होगी।
किसानों को राहत, उत्पादन को सहारा
कंपनी के मुताबिक, समय-समय पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार रेट रिवाइज किए जाते हैं, ताकि किसानों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य मिलता रहे। हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब की खेती की अहम भूमिका है।
राज्य की कुल 11 लाख हेक्टेयर खेती योग्य भूमि में से करीब 2 लाख हेक्टेयर पर बागबानी होती है।
इसमें से 1 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र सेब के बागानों के लिए उपयोग किया जाता है।
हर साल प्रदेश में करीब 5.5 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन होता है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को 5,500 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान मिलता है।
अडानी एग्री फ्रैश फिलहाल प्रदेश के कुल उत्पादन का लगभग 8 प्रतिशत खरीदता है। कंपनी की नई डिजिटल मंडी पहल से इसकी हिस्सेदारी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।