NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी: देवी-देवता नाराज, गुरों की भविष्यवाणी – “न धन बचेगा, न अन्न; प्रलय थमने वाली नहीं

devta

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार आपदाओं के बीच अब देव समाज से चौंकाने वाली भविष्यवाणी सामने आई है। गुरों ने कहा है कि देवी-देवता मानव से नाराज हैं और यही वजह है कि प्रलय जैसी स्थिति लगातार बनी हुई है।

मंडी के स्कूल बाजार में माता काली के दरबार में आधी रात को हुई अग्नि परीक्षा के दौरान गुरों ने सैकड़ों लोगों के सामने कहा कि आने वाले समय में लोगों के पास न धन बचेगा और न ही अन्न। नदी-नाले उफान पर रहेंगे और ब्यास नदी का कहर भी थमने वाला नहीं है।

मंदिरों और जंगलों के अपमान से देवता रूष्ठ


गुरों ने कहा कि इंसानों ने मंदिरों को दूषित किया और देवी-देवताओं के जंगल काट डाले। इसी कारण देव समाज ने नाराज होकर आपदा काल का रूप दिया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अब मनुष्य चाहे तो इस प्रलय को रोक कर दिखाए।

गुरों के अनुसार, यह तय होगा कि मंडी को आपदाओं से छुटकारा मिलेगा या नहीं, जब सत देव श्रीबालाकामेश्वर के दरबार में निर्णय लिया जाएगा।

"अभी आपदाओं से राहत नहीं"


देव माहूनाग टारना के गुर रमेश कुमार ने बताया कि माता चामुंडा के दरबार में हुए होम के दौरान भी देवी-देवताओं ने कहा है कि फिलहाल आपदाओं से छुटकारा नहीं मिलेगा।

वहीं, देव पराशर मंदिर कमेटी के प्रधान बीरबल शर्मा ने कहा कि आजकल कुछ लोगों की आस्था सिर्फ मंदिरों तक घूमने-फिरने तक सीमित रह गई है। इसी कारण देवता नाराज हैं और परिणामस्वरूप पराशर क्षेत्र में पहाड़ दरक रहे हैं। उन्होंने लोगों से आस्था के साथ मंदिर आने और देव आदेश मानने की अपील की।

Scroll to Top