NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

क्रिप्टो करेंसी सर्गना की होली में संपत्ति सीज

crypto

मंडी। हिमाचल प्रदेश में क्रिप्टो करेंसी के जरिए करीब 2500 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। पहली बार इस घोटाले में शामिल मास्टरमाइंड शुभम शर्मा की संपत्ति सीज की जा रही है।

कांगड़ा के मंडलायुक्त ने आदेश जारी करते हुए शुभम शर्मा की होली स्थित 63 कनाल जमीन को सीज करने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई की जिम्मेदारी दस अधिकारियों को सौंपी गई है। आदेश में कहा गया है कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी कार्रवाई पूरी की जाए।

जानकारी के अनुसार, शुभम शर्मा के खिलाफ दर्ज पहली एफआईआर के आधार पर संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई शुरू की गई है। कांगड़ा के मंडलायुक्त विनीत कुमार ने डीएसपी, तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों की टीम को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

चंडीगढ़ और हरियाणा में भी संपत्ति जब्त होगी

क्रिप्टो फ्रॉड के जरिए ठगी गई राशि से शुभम शर्मा ने चंडीगढ़ और हरियाणा में भी करोड़ों की संपत्ति खड़ी की है। इन संपत्तियों को भी सीज करने की प्रक्रिया जारी है। हिमाचल के अलावा हमीरपुर, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर और सोलन तक तार जुड़े हुए हैं।

छह पीड़ितों को लौटाए गए 11 लाख 36 हजार
क्रिप्टो घोटाले में ठगे गए 80 हजार लोगों में से कुछ को रकम लौटाई भी गई है। अब तक छह पीड़ितों को कुल 11 लाख 36 हजार रुपये वापस किए जा चुके हैं। पीड़ितों ने ठगी की रकम दोबारा मिलने पर प्रशासन का धन्यवाद किया, लेकिन अधिकांश लोग अब भी अपने पैसे की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

Scroll to Top