NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

49 हजार करोड़ का घोटाला: PACL कंपनी का डायरेक्टर गुरजंत सिंह गिरफ्तार

gurmeet

देशभर के लाखों निवेशकों को ठगने वाले 49 हजार करोड़ रुपये के घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। पर्ल्स एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड (PACL) कंपनी के निदेशक गुरजंत सिंह गिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। PACL ने 2011 में आरओसी राजस्थान से रजिस्ट्रेशन कराया था और नई दिल्ली के बारा खंभा रोड स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस से काम शुरू किया था। कंपनी ने खुद को वैध बताकर लोगों से कृषि भूमि और प्लॉट देने का वादा किया और निवेशकों से हजारों करोड़ रुपये जमा कराए। लेकिन न तो किसी को प्लॉट दिया गया और न ही पैसे लौटाए गए।

जांच में सामने आया कि कंपनी ने बिना नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) का पंजीकरण कराए ही बैंकिंग गतिविधियां शुरू कर दी थीं। यूपी के महोबा, सुल्तानपुर, फर्रुखाबाद और जालौन जिलों में हजारों निवेशकों ने PACL के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज कराई थीं। जालौन शाखा में लाखों रुपये गबन की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कानपुर पुलिस ने गुरजंत सिंह गिल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 467 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के लिए जालसाजी), 471 (फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल) और 120B (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हजारों करोड़ की ठगी की रकम कहां गई और इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल है।

देशभर के लाखों निवेशक अब भी अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने का इंतजार कर रहे हैं। गुरजंत सिंह गिल की गिरफ्तारी को इस दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है और पीड़ितों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा।

Scroll to Top