NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की सीक्रेट सर्विस सुरक्षा वापस, डोनाल्ड ट्रंप ने लिया बड़ा फैसला

अमेरिका/30/08/2025

trump kamla

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की सीक्रेट सर्विस सुरक्षा वापस ले ली है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को कमला हैरिस की सुरक्षा व्यवस्था रद्द कर दी। आमतौर पर पूर्व उपराष्ट्रपतियों को पद छोड़ने के बाद अधिकतम 6 महीने तक संघीय सुरक्षा मिलती है, जबकि पूर्व राष्ट्रपतियों को आजीवन सुरक्षा का अधिकार होता है।

सूत्रों के अनुसार, तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुप्त रूप से एक आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत कमला हैरिस को पद छोड़ने के बाद छह महीने से अधिक समय तक सीक्रेट सर्विस सुरक्षा दी गई थी। हालांकि अब राष्ट्रपति ट्रंप ने उस प्रावधान को रद्द कर दिया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूजम को गुरुवार देर रात इस फैसले की जानकारी दी गई। हैरिस के पति डग एमहॉफ की निजी सुरक्षा भी पूर्व उपराष्ट्रपतियों के जीवनसाथी के लिए बनाए गए प्रावधानों के तहत 21 जुलाई को समाप्त हो गई थी। अमेरिकी कांग्रेस ने 2008 में एक कानून पारित किया था, जिसके तहत पूर्व उपराष्ट्रपतियों, उनके जीवनसाथियों और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पद छोड़ने के बाद 6 महीने तक सीक्रेट सर्विस सुरक्षा मुहैया कराने का नियम है।

सीएनएन का कहना है कि ट्रंप और हैरिस की सुरक्षा समाप्त करने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब हैरिस जल्द ही अपनी नई किताब ‘107 डेज़’ रिलीज करने वाली हैं।

दूसरी ओर, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उनकी मौजूदा भूमिका किसी भी भयानक त्रासदी की स्थिति में शीर्ष पद संभालने के लिए तैयार की गई है। उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का स्वास्थ्य अच्छा है और वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। वेंस ने बताया कि 79 वर्षीय ट्रंप का स्वास्थ्य मजबूत है और उनके काम करने की क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ा है।

Scroll to Top