खज्जियार मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आए PWD अधिकारी, सिर पर लगे सात टांके
चंबा/30/08/2025
चंबा। गेट–खज्जियार मार्ग को सुचारू बनाने के लिए राहत कार्य में जुटे लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी हादसे का शिकार हो गए। सड़क पर मलबा हटाने के दौरान अचानक भूस्खलन हुआ और एसडीओ उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में उनके सिर पर गहरी चोट आई, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उनके सिर पर सात टांके लगाए।
जानकारी के अनुसार, गेट–खज्जियार मार्ग पर कई दिनों से लगातार भूस्खलन हो रहा है। सड़क बंद होने से लोगों और मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। एसडीओ मौके पर कर्मचारियों के साथ सड़क बहाली कार्य का निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मलबा और बड़े पत्थर गिर पड़े और वे चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें मलबे से निकालकर चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना से राहत कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन कर्मचारियों ने दुबारा हिम्मत दिखाते हुए सड़क बहाली का काम जारी रखा।
लोगों का कहना है कि कठिन हालातों के बीच अधिकारी और कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा कर रहे हैं। ऐसे साहसी कदम समाज और प्रशासन के प्रति उनके समर्पण की मिसाल हैं, जिन्हें सराहना और सम्मान मिलना चाहिए।