भारी भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे फिर बंद, बड़ा हादसा टला
मंडी। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर भारी भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7 बजे पंडोह और औट के बीच खोतीनाला के पास अचानक भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे।
इस दौरान पंडोह पुलिस चौकी की टीम मौके पर मौजूद थी। पुलिस कर्मी चेत राम ने पहाड़ी से पत्थर गिरते ही तुरंत ट्रैफिक रुकवा दिया और आगे खड़े वाहनों को पीछे करवा दिया। समय रहते सतर्कता बरतने से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि “मलबा गिरने से पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था, जिस कारण कोई भी दुर्घटना नहीं हुई। हालांकि मलबा काफी ज्यादा है और इसे हटाने में समय लगेगा। हाईवे की सफाई के बाद ही यातायात बहाल हो पाएगा।
हाईवे बंद होने से एक बार फिर मंडी-मनाली मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है और यात्रियों को वैकल्पिक रूट अपनाना पड़ रहा है।