जयराम ठाकुर ने कैग रिपोर्ट पर सुक्खू सरकार को घेरा, मणिमहेश आपदा पर उठाए सवाल
शिमला/30/08/2025
शिमला: नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 2023-24 की कैग रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सुक्खू सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट ने सुक्खू सरकार के कार्यों की पोल खोल दी है और यह स्पष्ट कर दिया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के पास केंद्र द्वारा भेजे गए बजट का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि 1024 करोड़ रुपये से अधिक राशि केंद्र से भेजी गई, लेकिन वह सरकार के विभिन्न खातों में पड़ी रही और उनका कोई सदुपयोग नहीं किया जा सका। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य सरकार के लिए शर्मनाक है कि उसने इस पैसे को वापस कर दिया, जो प्रदेश के लोगों के साथ अन्याय है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू अक्सर दावा करते हैं कि वे सबसे ज्यादा पढ़-लिख कर बजट प्रस्तुत करते हैं, लेकिन कैग रिपोर्ट ने उनके इस दावे की सच्चाई को बेनकाब कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने 14 मामलों के लिए 711 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, लेकिन इन मामलों के लिए जारी किया गया मूल बजट भी खर्च नहीं किया गया। इससे यह सवाल उठता है कि मुख्यमंत्री का बजट के प्रति ज्ञान और कार्यक्षमता कितनी सही है। इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि सरकार द्वारा 40 परियोजनाओं के लिए जारी किया गया बजट एक पाई भी खर्च नहीं हुआ, जिससे प्रदेश में विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसके साथ ही, जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने 2023-24 तक 2990 परियोजनाओं के लिए 2795 करोड़ रुपये का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी जमा नहीं किया है। यह दर्शाता है कि सरकार ने इस धनराशि का सही तरीके से उपयोग नहीं किया और इसका कोई ब्यौरा भी नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्रशासनिक सुधार और व्यवस्था परिवर्तन का नारा तो दिया था, लेकिन असल में प्रदेश की विकास दर पर ब्रेक लगा दिया है।
मणिमहेश में हुई आपदा को लेकर भी जयराम ठाकुर ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मणिमहेश में जान-माल के नुकसान के जो आंकड़े सोशल मीडिया पर आ रहे हैं, वे सरकारी आंकड़ों से बहुत अलग हैं। कुछ श्रद्धालुओं के द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में यह कहा जा रहा है कि क्लाउडबर्स्ट की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। सरकार ने इस पर अब तक कोई स्पष्ट स्पष्टीकरण नहीं दिया है, और श्रद्धालु सरकार के राहत कार्यों और दावों को खारिज कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने सरकार से मांग की कि वह मणिमहेश यात्रा में हुई आपदा के बारे में स्पष्ट स्थिति बताएं और उन आरोपों का सच सामने लाए, जो श्रद्धालु लगा रहे हैं।