हिमाचल में मौसम का कहर: चंबा में रेड अलर्ट, मनाली में दोबारा भारी बारिश
हिमाचल/31/08/2025
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर कहर बनकर टूटा है। मौसम विभाग ने चंबा जिले में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 3 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मनाली और आसपास के क्षेत्रों में रातभर भारी बारिश का दौर जारी रहा, जिससे नग्गर के पास झिड़ी नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल के शरची गांव में अचानक आए फ्लैश फ्लड में नाले पर बनी पैदल पुलिया बह गई, जिससे गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। व्यास नदी में आई बाढ़ के बाद से मनाली क्षेत्र में तबाही का असर अब भी बना हुआ है; 26 अगस्त को आई बाढ़ के छह दिन बाद भी कई सड़कें बंद हैं और यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है।
इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज मनाली के संभावित दौरे पर रहेंगे, जहां वे हालात का जायजा लेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। दूसरी ओर, मणिमहेश यात्रा मार्ग पर हजारों श्रद्धालु खराब मौसम के कारण फंसे हुए हैं, जहां रेस्क्यू और सहायता कार्य जारी हैं।
शिमला के विकासनगर स्थित काली माता मंदिर के पास शनिवार को हुए भूस्खलन में कई वाहन मलबे में दब गए हैं और सड़क को बंद कर दिया गया है। मौके पर राहत टीमों द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन ने फिलहाल इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी है। प्रदेश भर में बिगड़ते मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की गाइडलाइन्स का पालन करने की अपील की जा रही है।