15000 मणिमहेश तीर्थयात्री घर वापसी के लिए रवाना
प्रशासन ने नहीं निभाया अपना दायित्व: डॉ जनकराज
शिमला/31/08/2025
भारी बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और सड़कों के टूटने से इस वर्ष की मणिमहेश यात्रा पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। इस संकटपूर्ण स्थिति में भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने मोर्चा संभालते हुए न केवल तीर्थयात्रियों को आश्वासन दिया बल्कि प्रशासन की निष्क्रियता पर भी तीखा हमला किया। डॉ. जनक राज ने जानकारी दी कि लगभग 15,000 तीर्थयात्री अब पैदल ही अपने घरों की ओर रवाना हो चुके हैं, क्योंकि यातायात और आपात सेवाएं बुरी तरह बाधित हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक आधिकारिक रूप से 11 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, हालांकि राहत की बात यह है कि इससे अधिक जान-माल की हानि की खबर नहीं है। हर साल की तरह इस बार भी तीर्थयात्रा के दौरान 20-25 श्रद्धालु कठिन रास्तों में घायल हुए हैं, लेकिन इस बार प्राकृतिक आपदा ने हालात और भी भयावह बना दिए हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि आपदा प्रबंधन में सरकार पूरी तरह विफल रही है और ज़मीनी स्तर पर न तो प्रशासन की मौजूदगी है और न ही कोई मदद।
डॉ. राज ने कहा कि जनता खुद ही जनता की मदद कर रही है, जबकि सरकारी सिस्टम लगभग गायब है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन ज़मीनी स्तर पर सक्रिय है, जिसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अन्य कार्यकर्ता लगातार जरूरतमंदों तक राशन और आवश्यक सामान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब ज़िले में संकट है, तब उच्च अधिकारी और सत्ता के शीर्ष लोग चुप क्यों हैं? अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह साबित कर दिया है कि आपदा के समय राजनीति नहीं, सेवा ज़रूरी है।