कैग रिपोर्ट पर अनुराग ठाकुर का हमला, बोले – कांग्रेस सरकार की नाकामी का पुलिंदा
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट को लेकर राजनीति गरमा गई है। हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कांग्रेस सरकार की नाकामी और आर्थिक कुप्रबंधन का पुलिंदा है।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के गठन के साथ ही हिमाचल आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार ने एक से बढ़कर एक जनविरोधी फैसले लिए हैं। केंद्र सरकार ने विकास कार्यों के लिए जो धनराशि दी, उसका सही उपयोग नहीं किया गया। बल्कि 1024 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि वापस लौटानी पड़ी। यह सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और विकास के प्रति उदासीन रवैये को दिखाता है।”
सांसद ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार काम के नाम पर सिर्फ़ कागज़ी घोड़े दौड़ा रही है। अनुपूरक बजट तो प्रस्तुत किया जाता है, लेकिन वास्तविकता यह है कि मूल बजट ही खर्च नहीं हो पाया। “कैग रिपोर्ट में साफ है कि 40 परियोजनाओं के लिए जारी बजट से एक रुपया भी खर्च नहीं हुआ। यह सरकार की नाकामी और निक्कमेपन का प्रमाण है। कांग्रेस ने प्रदेश के हितों से खिलवाड़ किया है,” ठाकुर ने आरोप लगाया।
कैग रिपोर्ट के बहाने सियासत गरमाने के संकेत मिल रहे हैं और विपक्ष कांग्रेस सरकार को घेरने के मूड में है।