NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में भारी बारिश से तबाही: लोअर खलीनी और पंथाघाटी-ब्योलिया सड़कें लैंडस्लाइड से बंद

शिमला/01/09/2025

landslide

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण लोअर खलीनी में बड़ा लैंडस्लाइड हुआ है। भूस्खलन झंझिड़ी सड़क से बिहार गांव की ओर फैल गया, जिससे इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि स्थानीय लोगों को अब आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

इसी तरह पंथाघाटी-ब्योलिया सड़क पर भी भारी मलबा आने से कई गाड़ियां दब गईं और यातायात पूरी तरह रुक गया। वहीं ढली बाईपास सड़क पर बाबा बालक नाथ मंदिर (फौजी ढाबा) के ऊपर भी लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे यहां खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बारिश का दौर जारी रहा तो किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।

लैंडस्लाइड के अलावा कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति है। बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 1 और 2 सितंबर को भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है और 3 सितंबर तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड से शिमला और आसपास के क्षेत्रों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Scroll to Top