भारी बारिश का कहर: सनवारा में पहाड़ दरका, कालका-शिमला हाईवे-5 ठप
शिमला/02/09/2025
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सनवारा के पास अचानक पहाड़ी दरक गई, जिससे भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इस भूस्खलन के कारण हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
भूस्खलन का असर केवल हाईवे तक सीमित नहीं रहा बल्कि इसके ऊपर से गुजरने वाले कसौली रोड पर भी खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए दत्यार से धर्मपुर तक पहाड़ी लेन को बंद कर दिया है। वहीं, चक्कीमोड़ क्षेत्र में वन-वे ट्रैफिक लागू कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
परवाणू से कैथलीघाट तक भी कई जगहों पर मलबा गिरने की खबरें मिली हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर वाहनों को बेहद सावधानी के साथ निकलना पड़ रहा है। स्थानीय लोग और पर्यटक प्रशासन से जल्द से जल्द मलबा हटाने और सड़क को बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभागों को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है और हाईवे से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में सतर्क रहें और यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें।