NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल विधानसभा का नौवां सत्र सफलतापूर्वक संपन्न – 98 प्रतिशत रही उत्पादकता

vidhansabha

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का चौदहवीं विधानसभा का नौवां सत्र आज समाप्त हो गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दी कि यह सत्र 18 अगस्त से शुरू होकर 2 सितम्बर तक चला। इस दौरान कुल 12 बैठकें हुईं, जिनकी कार्यवाही लगभग 59 घंटे चली। सत्र की उत्पादकता 98 प्रतिशत रही।

अध्यक्ष ने बताया कि सत्र की शुरुआत पूर्व विधायक स्व. गणेश दत्त भरवाल को श्रद्धांजलि देने से हुई। इस दौरान सरकार ने कुल 690 प्रश्नों (509 तारांकित व 181 अतारांकित) के उत्तर उपलब्ध करवाए। इसके साथ ही नियम 62 के तहत 12, नियम 63 के तहत 1, नियम 101 के तहत 7, नियम 102 के तहत 1, नियम 130 के तहत 6 तथा नियम 324 के तहत 12 विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सत्र में दो दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए भी निर्धारित रहे। इसके अतिरिक्त 9 सरकारी विधेयक पारित किए गए और 47 समितियों की रिपोर्टें सदन में रखी गईं। शून्यकाल में सदस्यों ने 43 विषय उठाए। वहीं, इस अवधि में सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के 1118 विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही देखी।

अध्यक्ष ने बताया कि पिछले सत्र में 15 बैठकें आयोजित हुई थीं, जिनकी कार्यवाही लगभग 73 घंटे चली थी और उसकी उत्पादकता 110 प्रतिशत रही थी। उस सत्र में कुल 1134 प्रश्न पूछे गए थे।

पठानिया ने सत्र को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री व नेता सदन ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उपाध्यक्ष विनय कुमार और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभा सचिवालय, अधिकारियों-कर्मचारियों, पर्यटन विकास निगम तथा मीडिया का भी धन्यवाद किया।

अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को आगामी शारदीय नवरात्र, दशहरा और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Scroll to Top