विशेषाधिकार हनन का मामला गरमाया
मुख्यमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत करने वाले सुधीर शर्मा को घेरने की कोशिश
शिमला/02/09/2025
शिमला: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ कांग्रेस विधायकों ने विशेषाधिकार हनन की शिकायत की है। कांग्रेस विधायकों ने नोटिस में लिखा है कि सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस स्वीकार होने से पहले ही पब्लिक कर दिया था।
कांग्रेस का आरोप है कि सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की छवि को धूमिल करने और भ्रामक प्रचार करने के लिए ऐसी कार्रवाई की। यह विवाद तब उठकर सामने आया जब सुधीर शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र लिखकर इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। कांग्रेस विधायकों का तर्क है कि यह आचरण सदन की मर्यादा के खिलाफ है और संवैधानिक स्थिति का उल्लंघन करता है।
गौरतलब है कि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। अपने पत्र में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट सत्र में सीएम द्वारा रोजगार और स्वास्थ्य संस्थानों के संबंध में किए गए दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने लगातार घोषणा की कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाया जाएगा, लेकिन आज तक ऐसा कोई संस्थान नहीं बना। इसके अलावा, उन्होंने विभिन्न सरकारी क्षेत्रों में रोजगार देने की घोषणाओं और उनके वास्तविक आंकड़ों में अंतर को भी उजागर किया।
सुधीर शर्मा ने यह भी कहा कि सरकार ने दस प्रमुख गारंटियों के संबंध में सदन में कई बार झूठ बोला है। हालांकि, नियमों के तहत पहले उनका नोटिस रद्द कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने तथ्यों के साथ दोबारा नोटिस प्रस्तुत किया है। कांग्रेस विधायकों ने इसे सदन की मर्यादा और विशेषाधिकार हनन का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।