हिमाचल में 7 सितंबर तक बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश और तबाही के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूलों, कॉलेजों और डाइट को 7 सितंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इस दौरान शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
सरकार की ओर से बुधवार दोपहर जारी निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षकों व प्रशासनिक कर्मचारियों को भी स्कूल-कॉलेज आने से छूट दी गई है। हालांकि, संस्थान प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां तक संभव हो, पढ़ाई का कार्य ऑनलाइन जारी रहे।
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन, पेड़ों के गिरने, सड़कें अवरुद्ध होने, बिजली व पेयजल आपूर्ति बाधित होने और सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने 9 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। 4 और 5 सितंबर को कई जिलों के लिए येलो अलर्ट और आज बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर व लाहौल-स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश का कहर: 341 लोगों की मौत, हजारों मकान-गोशालाएं क्षतिग्रस्त
प्रदेश में अब तक इस मानसून सीजन (20 जून से 2 सितंबर) में 341 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 389 लोग घायल हुए हैं और 41 लोग अब भी लापता हैं। इनमें से 159 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। वहीं, बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ से 4,983 मकान-दुकानें और 4,008 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। अब तक 1,912 पालतु पशुओं की भी मौत हो चुकी है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश को इस बारिश से अब तक 3,52,541.58 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।