मनाली में 15 लाख का चिट्टा और पिस्तौल बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
मनाली/04/09/2025
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मनाली पुलिस ने नशा माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वोल्वो बस स्टैंड के पास चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का 258.750 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एक पिस्तौल (KGF Made in USA), दो जिंदा राउंड और एक मैगजीन बरामद की गई है। पुलिस ने यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान हासिल की।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजय कुमार (40) निवासी सिद्धपुर, धर्मपुर जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश), हरमोहित दीप सिंह (22) और मंदीप सिंह (30) निवासी जहादपुर, गुरदासपुर (पंजाब) तथा कृष्णा सिंह उर्फ मनीष (29) निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर के बटाला नंबर की गाड़ी में सवार थे और मनाली बस स्टैंड के पास नशे की तस्करी की फिराक में थे।
डीएसपी मनाली केडी सिंह ने जानकारी दी कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25, 29 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई और इसे किस नेटवर्क के जरिए बेचा जाना था। गौरतलब है कि एक ग्राम चिट्टे की कीमत 5 से 6 हजार रुपये होती है और अब तक प्रदेश में इतनी बड़ी खेप की बरामदगी बेहद दुर्लभ है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही इसके पीछे के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।