NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भूपेंद्र गुप्ता बने एनएचपीसी लिमिटेड के नए सीएमडी

bhupendea gupta

भूपेंद्र गुप्ता ने आज शेड्यूल-‘ए’ नवरत्न सीपीएसई एनएचपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह टीएचडीसीआईएल में निदेशक (तकनीकी) के पद पर कार्यरत थे और साथ ही एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। गुप्ता ने अपने करियर में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए जलविद्युत और विद्युत क्षेत्र की कई अहम परियोजनाओं में योगदान दिया है।

गुप्ता ने भूटान की पुनात्सांगछू जलविद्युत परियोजना प्राधिकरण में निदेशक (तकनीकी) के रूप में कार्य किया और आरईसी की सहायक कंपनियों—आरईसी ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स कंपनी लिमिटेड तथा आरईसी पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का दायित्व भी संभाला। परियोजना प्रबंधन, अनुबंध प्रबंधन और परामर्श के साथ-साथ उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में प्रचालन प्रमुख की भूमिका निभाई।

वर्ष 2007 में आरईसी में शामिल होने से पहले, गुप्ता ने एसजेवीएन में 12 वर्षों तक कार्य किया। यहां उन्होंने 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन के विद्युत-यांत्रिक उपकरणों की प्लानिंग, इरेक्शन और कमीशनिंग में अहम योगदान दिया। वर्ष 2002 से 2005 तक वह 1020 मेगावाट ताला जलविद्युत परियोजना में प्रतिनियुक्ति पर भी रहे।

विद्युत क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाले गुप्ता की विशेषज्ञता प्लानिंग, डिजाइन, निष्पादन, अनुबंध और परियोजना प्रबंधन से लेकर बड़ी जलविद्युत एवं ट्रांसमिशन/डिस्ट्रीब्यूशन परियोजनाओं के प्रचालन तक फैली हुई है। उनसे उम्मीद है कि वह अपने दूरदर्शी नेतृत्व और अनुभव से भारतीय विद्युत क्षेत्र को स्वच्छ और सतत ऊर्जा के नए आयाम प्रदान करेंगे।

गुप्ता इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल) में स्नातक हैं और ऑपरेशन मैनेजमेंट में एमबीए की डिग्री भी रखते हैं।

Scroll to Top