कुंभ राशि में लग रहा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, जानें समय और सूतक काल
वैदिक पंचांग के अनुसार, साल 2024 का आखिरी और सबसे बड़ा चंद्र ग्रहण 7 सितंबर को लगने जा रहा है। यह ग्रहण शनि की राशि कुंभ में लगेगा और इसका असर विशेष रूप से कुंभ राशि वालों पर अधिक देखने को मिलेगा।
भारतीय समयानुसार यह ग्रहण रात 9 बजकर 58 मिनट पर शुरू होगा और 8 सितंबर की अर्धरात्रि 1 बजकर 26 मिनट तक चलेगा। ग्रहण का पहला स्पर्श रात 8:59 बजे और अंतिम स्पर्श सुबह 2:24 बजे होगा। यानी कुल अवधि करीब 3 घंटे 28 मिनट रहेगी। ग्रहण का चरम समय रात 11:42 बजे होगा।
सूतक काल
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल लगता है। इस बार सूतक 7 सितंबर को दोपहर 12:57 बजे से शुरू हो जाएगा। सूतक में पूजा-पाठ, भोजन और मूर्तियों का स्पर्श वर्जित माना जाता है। हालांकि इस दौरान मंत्रजप, रामचरितमानस का पाठ और भगवान शिव की उपासना करना शुभ फल देने वाला माना गया है।
कहां दिखेगा ग्रहण
यह चंद्र ग्रहण भारत सहित एशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका, फिजी और अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा।
ज्योतिषीय महत्व
यह ग्रहण कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र में शुरू होकर कुंभ राशि और पूर्वभाद्रपद नक्षत्र में समाप्त होगा। माना जा रहा है कि इसका असर समाज में सामूहिक सोच, तकनीकी क्षेत्र और बड़े सामाजिक बदलावों पर पड़ेगा। वहीं कुंभ राशि जातकों को इस समय धैर्य, संयम और साधना का पालन करना चाहिए।
विशेष संयोग
ग्रहण का दिन खास इसलिए भी है क्योंकि इसी दिन से पितृ पक्ष (श्राद्ध पक्ष) की शुरुआत हो रही है। इसलिए पितरों के श्राद्ध और पिंडदान जैसे अनुष्ठान सूतक से पहले ही पूरे करने की सलाह दी गई है।