NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भारत का जवाब: ट्रंप सलाहकार की ब्राह्मण टिप्पणी पर कड़ा पलटवार

नई दिल्ली/06/09/2025

pitar nvaro

नई दिल्ली। भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो की हालिया ब्राह्मण टिप्पणी पर सख्त आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नवारो के बयान को गलत और भ्रामक बताया। उन्होंने साफ कहा कि भारत और अमेरिका के बीच के रिश्ते सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं और इन्हें ऐसे बयान प्रभावित नहीं कर सकते।

दरअसल, नवारो ने आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल आयात कर ब्राह्मण वर्ग के हित साध रहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि भारत हमेशा अपनी ऊर्जा सुरक्षा के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेता है और इस मुद्दे पर पहले भी कई बार स्थिति स्पष्ट कर चुका है।

भारत ने दोहराया कि दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। जायसवाल ने कहा कि अमेरिका और भारत साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी विश्वास के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं। हाल ही में हुई 2+2 वार्ता और उच्च-स्तरीय संवाद इसका सबूत हैं।

नवारो ने अपने बयान में कहा था कि रूस-यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से कच्चे तेल की बड़ी मात्रा में खरीद करता रहा और इससे पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों का असर कम हुआ। उन्होंने यहां तक कहा कि भारतीय ब्राह्मण इस आयात से मुनाफा कमा रहे हैं। भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

भारत का कहना है कि ऊर्जा खरीदारी पूरी तरह से राष्ट्रीय हितों के आधार पर होती है और इसे किसी जाति या वर्ग से जोड़ना पूरी तरह गलत है। जायसवाल ने दोहराया कि भारत और अमेरिका दोनों के बीच संबंध व्यापक साझेदारी पर आधारित हैं और भविष्य में भी यह और मजबूत होंगे।

Scroll to Top