NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पीएम मोदी आज बाढ़ग्रस्त राज्यों का करेंगे दौरा, पंजाब और दिल्ली में हालात गंभीर

नई दिल्ली/06/09/2025

pm

नई दिल्ली: देश के कई राज्य इस समय भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे और वहां हालात का जायजा लेंगे। जापान और चीन की यात्रा से लौटने के बाद पीएम मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी इस संबंध में बातचीत की थी।

केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित राज्यों की मदद कर रही है और राहत एवं बचाव कार्य में सहायता प्रदान कर रही है। पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ के कारण जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश और भूस्खलन की वजह से हालात गंभीर हैं।

पंजाब में बाढ़ से मरने वालों की संख्या शुक्रवार तक बढ़कर 43 हो गई है। राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, अमृतसर और बरनाला में 5-5 मौतें, बठिंडा में 4, फाजिल्का और फिरोजपुर में 1-1, गुरदासपुर में 2, होशियारपुर में 7, मनसा में 3, पठानकोट में 6, पटियाला, रूपनगर और संगरूर में 1-1 तथा एसएएस नगर में 2 और लुधियाना में 4 मौतें हुई हैं। तीन लोग अभी भी लापता हैं। राज्य के लगभग 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 1900 से ज्यादा गांव पानी में डूब चुके हैं। करीब डेढ़ लाख हेक्टेयर फसल भी बर्बाद हो गई है। सेना और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

दिल्ली में भी हालात चिंताजनक हैं। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 2 मीटर ऊपर है और पानी दिल्ली सचिवालय तक पहुँच चुका है। यमुना के किनारे बसे इलाकों में स्थिति बेहद खराब है और राहत शिविरों तक भी पानी पहुँच गया है। दिल्ली स्थित एम्स ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा और मानवीय सहायता देने के लिए डॉक्टरों और नर्सों की विशेष टीम भेजी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने 1 सितंबर को जम्मू का दौरा किया और वर्षा, बाढ़ व भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंगू चक गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और तवी पुल, शिव मंदिर व बाढ़ से क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लिया। इसके बाद गृह मंत्री ने उच्च-स्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा की।

पंजाब और दिल्ली में राहत कार्य तेज़ कर दिए गए हैं, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने का कार्य जारी है।

Scroll to Top