शिमला जिले में हेलीपैड के पास इंसानी खोपड़ी मिलने से सनसनी, पुलिस ने फोरैंसिक जांच के लिए भेजा
शिमला : रामपुर बुशहर उपमंडल की सिंगला पंचायत में उस समय सनसनी फैल गई, जब हेलीपैड के पास इंसानी खोपड़ी बरामद हुई। ग्राम पंचायत प्रधान राजकुमार गौतम ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना रामपुर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में लेकर खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह खोपड़ी इंसान की है। इसके बाद खोपड़ी को फोरैंसिक लैब भेज दिया गया है, ताकि इसकी सही पहचान और कारणों का पता लगाया जा सके।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि खोपड़ी किसकी है और यहां कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। ग्राम पंचायत प्रधान ने जानकारी दी कि हाल ही में रामपुर हैलीपैड के पास भूस्खलन हुआ था और सड़क बहाली के दौरान यह खोपड़ी मिली। जांच के लिए वैटर्नरी फार्मासिस्ट डॉ. अनिल शर्मा को भी मौके पर बुलाया गया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।