NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिवाली पर कर्मचारियों को 20 हजार की सैलरी कटौती का तोहफ़ा : त्रिलोक

cm sukhu

शिमला। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं विधायक त्रिलोक ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर तोहफ़े की जगह वेतन कटौती का झटका दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी कर तीन साल से मिल रहे ग्रेड पे और अन्य वित्तीय लाभ को वापस ले लिया है, जिससे हर कर्मचारी को प्रति माह 15 से 20 हजार रुपये तक का नुकसान होगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह देश की पहली सरकार है जिसने दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों पर कर्मचारियों को राहत देने की बजाय आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद से ही कर्मचारियों और बेरोजगारों के साथ लगातार छल किया जा रहा है।

त्रिलोक ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही करीब 600 संस्थान बंद कर दिए थे और अब तक लगभग ढाई हजार संस्थानों को बंद किया जा चुका है। इससे जहां कर्मचारियों की प्रमोशन की राह बंद हुई, वहीं करीब 50 हजार युवाओं को संभावित रोजगार से भी वंचित कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने छह महीने पहले एक और नोटिफिकेशन जारी कर एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के लिए आरक्षित बैकलॉग की करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां भी खत्म कर दीं। यही नहीं, 2003 से कर्मचारियों को मिल रहे लाभ भी एक नए एक्ट के जरिए समाप्त कर दिए गए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी है। मुख्यमंत्री कहते कुछ हैं और करते कुछ और। उनका ताजा फैसला दुर्भाग्यपूर्ण और कर्मचारी वर्ग के साथ अन्याय है।

Scroll to Top