नेरचौक मेडिकल कॉलेज में अफरा-तफरी, धमकी असल में तमिलनाडु के CM ऑफिस व कॉलेज को
मंडी। श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी भरा मेल आने से अफरा-तफरी मच गई। मेल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय और आरजीजीईसी मेडिकल कॉलेज में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन मेल के नेरचौक कॉलेज पर पहुंचने के कारण तुरंत हड़कंप मच गया।
जैसे ही मेल की जानकारी मिली, पुलिस और प्रशासन ने तुरंत अस्पताल को खाली करवाया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी गई। धमकी भरे ईमेल की एक कॉपी एसपी मंडी और एसएचओ सदर को भी भेजी गई थी।
प्रदेश सचिवालय, हाईकोर्ट और कई सरकारी दफ्तरों को इससे पहले भी ऐसी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुए थे। फिलहाल पुलिस साइबर जांच कर रही है और मेल भेजने वाले की तलाश जारी है।