हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल जल्द
शिमला/10/09/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश की नौकरशाही में बड़ा बदलाव होने वाला है। वर्तमान मुख्य सचिव (Chief Secretary) प्रभोध सक्सेना का सेवा विस्तार 30 सितंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में राज्य सरकार ने नए मुख्य सचिव की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही दो अन्य महत्वपूर्ण पद — इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन चेयरमैन और मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) की नियुक्ति भी इसी महीने प्रस्तावित है।
मुख्य सचिव पद के लिए 7-8 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नामों पर मंथन चल रहा है। सीनियरिटी लिस्ट में पहले नंबर पर संजय गुप्ता हैं, जिनकी रिटायरमेंट मई 2026 में होनी है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, संजय गुप्ता मुख्य सचिव पद से अधिक इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन चेयरमैन बनने की इच्छा रखते हैं और इसी दिशा में लॉबिंग कर रहे हैं। इस पद पर पांच साल की नियुक्ति होती है।
ऐसे में मुख्य सचिव पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं आईएएस केके पंत, जो वर्तमान में वन, गृह, राजस्व और विजिलेंस जैसे अहम विभागों को संभाल रहे हैं। उनके बाद एसीएस ओंकार शर्मा का नाम आता है, लेकिन उनकी स्थिति कमजोर मानी जा रही है। दरअसल, कुछ समय पहले चीफ इंजीनियर विमल नेगी की आत्महत्या मामले में ओंकार शर्मा की रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद ओंकार शर्मा से वन और राजस्व जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी वापस ले लिए गए और अब उन्हें ट्राइबल डेवलपमेंट विभाग दिया गया है।
इस दौड़ में तीसरा बड़ा नाम है अनुराधा ठाकुर, जो फिलहाल केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। हालांकि, हाल ही में उन्होंने दिल्ली में हिमाचल भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी, जिससे उनकी दावेदारी को बल मिला है। लेकिन जब तक वह केंद्र से वापस नहीं लौटतीं, उनकी नियुक्ति संभव नहीं मानी जा रही है। इनके बाद आरडी नजीम का नाम आता है, जिनका नाम भी मुख्य सचिव पैनल में जोड़ा जाना लगभग तय है।
इसी दौरान, इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन चेयरमैन के पद पर भी नियुक्ति होनी है। इस पद के लिए तीन वरिष्ठ दावेदार माने जा रहे हैं — पूर्व मुख्य सचिव रामसुभग सिंह, वर्तमान मुख्य सचिव प्रभोध सक्सेना, और बिजली बोर्ड के चेयरमैन संजय गुप्ता। तीनों ही अपनी-अपनी लॉबिंग में लगे हुए हैं।
इसी महीने मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) पद पर भी नियुक्ति संभव है। प्रशासनिक सुधार विभाग ने इसके लिए आवेदन आमंत्रित कर लिए हैं। पूर्व में इस पद पर रहे आरडी धीमान के रिटायर होने के बाद यह पद दो महीने से खाली है। अब कई रिटायर्ड IAS और IFS अधिकारी इस पद के लिए दावेदारी जता चुके हैं।