धर्मपुर में बिगड़ा हाईवे का हाल: कांग्रेस विधायक आमरण अनशन पर
मंडी/10/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर बीते तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनका यह विरोध नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी के खिलाफ है।
विधायक चंद्रशेखर का आरोप है कि मंडी-धर्मपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-003 के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैज्ञानिक कटिंग और घटिया निर्माण कार्य के चलते अब तक उनके क्षेत्र में करीब 400 घर गिर चुके हैं। जगह-जगह डंगे गिर रहे हैं, जिससे सड़क का पानी और मलबा लोगों की जमीन में जा रहा है। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं, लोग भय के माहौल में जी रहे हैं और हर समय घर गिरने का डर सताता है।
चंद्रशेखर ने यह भी बताया कि निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई जगह सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं को समय पर नहीं पहुंचने दिया गया और कई मरीजों की मौत रास्ते में ही हो चुकी है। विधायक ने यह दावा किया है कि वे पिछले दो वर्षों से लगातार NHAI अधिकारियों और निर्माण कंपनी से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी बातों को अनसुना किया जा रहा है। मजबूरी में उन्होंने आमरण अनशन का रास्ता चुना।
उनका मानना है कि अब इस गंभीर समस्या का समाधान केवल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ही निकाल सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तीन साल बीत जाने के बाद भी इस प्रोजेक्ट का मात्र 40% काम हुआ है और बजट का भी केवल 40% ही खर्च किया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनका कुशलक्षेम जाना, लेकिन समस्या का हल अभी तक नहीं निकल पाया है।