हिमाचल प्रदेश में जल संकट से राहत, 98% जलापूर्ति योजनाएं बहाल : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण प्रभावित लोगों को पेयजल और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने त्वरित कदम उठाए हैं। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश की कुल 12,281 प्रभावित जलापूर्ति योजनाओं में से 12,007 योजनाएं, यानी लगभग 98 प्रतिशत, अस्थायी रूप से बहाल कर दी गई हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जल शक्ति विभाग ने तत्परता और समर्पण भाव के साथ इन परियोजनाओं को पुनः चालू किया। उन्होंने विभाग के कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारी दिन-रात फील्ड में रहकर प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को राहत पहुंचा रहे हैं।
भारी बारिश से प्रदेश में कुल 15,594 योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें 2,624 सिंचाई योजनाएं, 115 बाढ़ सुरक्षा कार्य, 183 सीवरेज योजनाएं और 391 हैंडपंप शामिल हैं। इनसे कुल लगभग 1,291.37 करोड़ रुपये की अनुमानित क्षति हुई है।
उप-मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार के लिए जलापूर्ति और सीवरेज योजनाओं की बहाली प्राथमिकता है। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि बहाली के कार्यों में कोई कोताही न बरती जाए। सभी प्रभावित योजनाओं को शीघ्र स्थायी रूप से बहाल किया जाएगा ताकि जनता को मूलभूत सुविधाएं लगातार मिलती रहें।