NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

जयराम ठाकुर और डॉ. राजीव बिंदल ने नूरपुर से चंबा के लिए राहत सामग्री रवाना की

कांगड़ा/10/09/2025

कांगड़ा/नूरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के साथ नूरपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अब राजनीति की बजाय आपदा प्रभावितों की राहत नीति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत समय बीत चुका है और प्रदेश के लोगों को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही, प्रदेश के संसाधनों को भी नुकसान पहुंचा है। जयराम ठाकुर ने बताया कि आपदा प्रभावित ज्यादातर क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं केवल अस्थायी रूप से बहाल की गई हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों में हिमाच्छादित क्षेत्रों में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए इन सुविधाओं को स्थायी रूप से बहाल करना जरूरी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल दौरा कर आपदा प्रभावितों को तत्काल 1,500 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से भाजपा की प्रदेश इकाइयाँ आपदा प्रभावितों के लिए राहत सामग्री भेज रही हैं और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों तक इसे पहुंचा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने बताया कि किसी अन्य राजनीतिक पार्टी का योगदान इस दौरान नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि देशवासियों में सेवा भाव भाजपा को अपने वरिष्ठ नेताओं से विरासत में मिला है।

इस मौके पर जयराम ठाकुर और डॉ. राजीव बिंदल ने नूरपुर से राहत सामग्री से भरे ट्रक चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किए। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जयराम ठाकुर ने उपराष्ट्रपति पद के एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को प्रचंड जीत पर बधाई दी और इसे एनडीए की विकास और नीतियों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस जीत के लिए हार्दिक बधाई दी जानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम और त्रिपुरा के मुख्यमंत्रियों का हिमाचल प्रदेश को आर्थिक सहायता और आपदा राहत सामग्री प्रदान करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने राहत राशि के साथ बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भेजी, जो आपदा प्रभावितों तक पहुँचाई जाएगी।

Scroll to Top