मंडी की 71 साल की कृष्णा देवी ने पीएम मोदी से बहू के लिए नौकरी की मांग की
मंडी/10/09/2025
मंडी: 71 वर्षीय कृष्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान अपने जीवन की दर्दनाक कहानी सुनाई। 29 जुलाई 2025 की रात मंडी शहर के जेलरोड़ में आए भयंकर फ्लैश फ्लड में उनके बेटे बलवीर सिंह, बहू सपना और पोते अमनप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा दर्शन सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ और अपनी दोनों टांगे गंवा चुका है। कृष्णा देवी के दोनों बेटे ऑटो चलाते थे और सैलाब से अपने वाहन को बचाने की कोशिश कर रहे थे।
कृष्णा देवी ने बताया कि इस आपदा के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी छोटी बहू कुलदीप कौर पर आ गई है, जो तीन बच्चों की पढ़ाई और परिवार का बोझ संभाल रही हैं। उन्होंने सरकार से अपनी बहू को सरकारी नौकरी देने की मांग की, जिससे परिवार की आधी से ज्यादा चिंताएं दूर हो जाएँ।
मुलाकात के दौरान पीएम मोदी भी भावुक हो गए और प्रभावितों की मदद का भरोसा दिया। उन्होंने मंडी जिले के पांच प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, जिसमें कृष्णा देवी के साथ आपदा में अपने पूरे परिवार को खो चुकी 11 महीने की बच्ची नितिका भी शामिल थी। पीएम मोदी ने सभी प्रभावितों की बातें बड़े ध्यान और स्नेह के साथ सुनी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
कृष्णा देवी की बहादुरी और संघर्ष ने मंडी जिले में सहानुभूति और संवेदनशीलता पैदा की है। उनका परिवार और छोटे बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करने की मांग ने लोगों के दिलों को छू लिया है, जबकि पीएम मोदी की व्यक्तिगत मुलाकात ने प्रभावित परिवारों को राहत और उम्मीद दी।