NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कंडाघाट में बनेगी समानांतर टनल, NHAI ने डीपीआर के लिए जारी किए टेंडर

शिमला/11/09/2025

tunnel

शिमला। कालका-शिमला नेशनल हाईवे (NH-5) पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए कंडाघाट में एक और समानांतर टनल बनाने की योजना तैयार की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही चयनित कंपनी सर्वे कर निर्माण की रूपरेखा और अनुमानित लागत तय करेगी।

नई सुरंग मौजूदा समय में बन रही टनल के समानांतर बनाई जाएगी। योजना के अनुसार, एक टनल शिमला से आने वाले और दूसरी चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए होगी। इससे हाईवे पर ट्रैफिक जाम और बाधा की समस्या काफी हद तक कम होगी।

इस समय कंडाघाट में जो टनल बन रही है, वह 667 मीटर लंबी है और दिसंबर में इसके दोनों छोर जुड़ चुके हैं। फिनिशिंग कार्य लगभग पूरा होने वाला है। निर्माण के दौरान कंपनी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। सुरंग के एक हिस्से में पानी का टैंक आ गया था, जिसके कारण काम कुछ समय के लिए रुका। बाद में हल्का कर्व देकर टैंक को सुरक्षित रखते हुए निर्माण को आगे बढ़ाया गया।

टनल के साथ-साथ फ्लाईओवर का कार्य भी जारी है। शुरू में रेलवे की जमीन के कारण निर्माण अटका रहा, लेकिन अब रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। फ्लाईओवर बनते ही टनल को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे वाहन चालकों को कंडाघाट बाजार से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा और सीधे टनल से शिमला की ओर जाया जा सकेगा। इस कदम से स्थानीय बाजार में लगने वाले जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।

NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद दहिया ने कहा कि कंडाघाट में समानांतर टनल बनाने की तैयारी पर तेजी से काम हो रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद DPR तैयार की जाएगी और इसके आधार पर निर्माण की शुरुआत होगी।

Scroll to Top