NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हाईवे निर्माण में अनियमितता पर कांग्रेस MLA चंद्रशेखर का अनशन चौथे दिन

मंडी/12/09/2025

mandi

मंडी। हिमाचल प्रदेश में जालंधर-मनाली नेशनल हाईवे के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर का आमरण अनशन शुक्रवार को चौथे दिन में पहुंच गया। विधायक के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। तीन दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद उन्होंने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया है, जिससे उनका शुगर लेवल डाउन हो गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।

विधायक चंद्रशेखर का आरोप है कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर और हाईवे निर्माण से जुड़े अधिकारी पूरी तरह लापरवाही बरत रहे हैं और जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 80 हजार की आबादी का प्रतिनिधि अगर आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर है, तो इसके पीछे जनता की पीड़ा जिम्मेदार है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसे अधिकारियों को नहीं हटाया गया, तो वे उनके खिलाफ असहयोग आंदोलन शुरू करेंगे।

बढ़ते दबाव के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के क्षेत्रीय अधिकारी अनिल कुमार कुशवाह बुधवार शाम धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने विधायक से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगें मंत्रालय तक पहुंचाई जाएंगी। लेकिन विधायक ने साफ कहा कि अब केवल अधिकारियों को हटाए जाने पर ही बातचीत होगी।

चंद्रशेखर ने क्षेत्रीय अधिकारी से यह भी आग्रह किया कि वे दूत की तरह उनकी बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तक पहुंचाएं ताकि भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों को हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी इस दिशा में प्रयासरत हैं।

धरना स्थल पर माहौल तनावपूर्ण है और विधायक की सेहत बिगड़ने से समर्थकों की चिंता बढ़ गई है। यदि आने वाले दिनों में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Scroll to Top