शिमला में सीनियर बैंक मैनेजर का बड़ा घोटाला, 3.70 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा
शिमला/12/09/2025
शिमला: शिमला में बैंक ऑफ बड़ौदा की कुसुम्पटी शाखा के सीनियर मैनेजर अंकित राठौर पर 3.70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि राठौर ने APMC S&K के खाते से बिना अनुमति यह राशि एक महिला कालू देवी के खाते में ट्रांसफर की और अपने अज्ञात सहयोगियों के साथ इसे धीरे-धीरे कई अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया।
बैंक के रीजनल हेड को गड़बड़ी का पता चलते ही उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार, डिप्टी रीजनल मैनेजर राजेश कुमार गाबा ने थाना छोटा शिमला में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सीनियर मैनेजर अंकित राठौर ने 22 और 27 अगस्त को APMC के खाते से कालू देवी के खाते में राशि ट्रांसफर की। इसके बाद इस राशि को कई खातों में ट्रांसफर किया गया और कुछ राशि नकद निकाल ली गई। बैंक को इतने बड़े स्तर पर खाते से पैसे ट्रांसफर होने की भनक लगी, तो उन्होंने खाते की जांच की और गड़बड़ी पाई जाने पर खाते को फ्रीज कर दिया। वर्तमान में खाते में 90.95 लाख रुपए ही बचे हैं।
पुलिस ने बताया कि सीनियर बैंक मैनेजर अंकित राठौर ने जांच में अपना जुर्म कबूल किया। उसने माना कि उसने कुछ अज्ञात लोगों की मदद से निजी फायदे के लिए यह धोखाधड़ी की। पुलिस ने मामले में धारा 316(5) BNS के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।