NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

एशिया कप 2025: पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत, हाथ मिलाने से किया इंकार

BHARPAK

दुबई: एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सुपर-4 चरण में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 127 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य को 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने तीन विकेट, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने दो-दो, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच से ज्यादा चर्चा भारत के साइलेंट बॉयकॉट की हो रही है। आमतौर पर मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से दूरी बनाए रखी। टॉस के समय भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी सीधे पवेलियन लौटे और जश्न मनाते हुए ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया, जबकि पाकिस्तानी खिलाड़ी हाथ मिलाने के इंतजार में मैदान पर खड़े रहे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को भारत का पाकिस्तान के खिलाफ सांकेतिक बहिष्कार माना जा रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस का कहना है कि यह कदम खेल कूटनीति का हिस्सा है और हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले तथा उसके बाद भारतीय सेना की कार्रवाई "ऑपरेशन सिंदूर" से इसे जोड़ा जा रहा है।

जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा, “हमने टीम के तौर पर फैसला लिया था। कुछ बातें खेल भावना से बड़ी होती हैं। यह जीत हम पहलगाम हमले के पीड़ितों और ऑपरेशन सिंदूर में शामिल सैनिकों को समर्पित करते हैं।”

मैच में युवा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने 13 गेंदों में 31 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। भारत अब ग्रुप-ए में शीर्ष पर है और अगर पाकिस्तान सुपर-4 में क्वालिफाई करता है तो अगले रविवार को दोनों टीमों के बीच फिर से हाईवोल्टेज भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

Scroll to Top