NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाना पड़ेगा टीम इंडिया को भारी,जानिए क्या कहते हैं क्रिकेट के नियम

हैदराबाद /15/09/2025

tinfia

एशिया कप 2025 में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, लेकिन मैच के बाद एक और मुद्दा चर्चा का विषय बन गया जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया और सीधे ड्रेसिंग रूम में चले गए। सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई और टीम ने तुरंत ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया, जबकि पाकिस्तानी टीम हाथ मिलाने के लिए इंतजार करती रही।

यही नहीं, टॉस के दौरान भी दोनों कप्तानों — सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा — ने हाथ नहीं मिलाया, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) नाराज हो गया और उसने इस मामले में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने बताया कि भारतीय टीम ने उन्हें जानबूझकर नजरअंदाज किया, और इसी कारण पाक कप्तान सलमान आगा ने मैच के बाद इंटरव्यू में हिस्सा नहीं लिया।


इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाना किसी नियम का उल्लंघन है? तो इसका जवाब है — नहीं। ICC या ACC के किसी भी नियम में मैच के बाद हाथ मिलाना अनिवार्य नहीं है; यह केवल खेल भावना का हिस्सा होता है, कोई बाध्यकारी नियम नहीं। ऐसे में टीम इंडिया पर जुर्माना या किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई का कोई आधार नहीं बनता। हालांकि, यदि बार-बार जानबूझकर ऐसा व्यवहार किया जाए, तो इसे खेल भावना के विरुद्ध माना जा सकता है और मैच रेफरी इसे संज्ञान में ले सकता है, लेकिन वर्तमान मामले में नियमों का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है।


इस बीच, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यह जीत देश के सशस्त्र बलों को समर्पित की और कहा कि वह पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ खड़े हैं। मैच के दौरान स्टेडियम में करीब 85% दर्शक भारतीय थे, जो इस जीत का जश्न मना रहे थे।


पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट पर सिर्फ 127 रन बनाए, जिसमें अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट और कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। जवाब में भारत ने सिर्फ 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया, जहां अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में 31 रन और जन्मदिन मना रहे सूर्यकुमार ने 37 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए। अब यह देखना बाकी है कि पाकिस्तान की शिकायत पर ACC क्या प्रतिक्रिया देता है, लेकिन नियमों के अनुसार टीम इंडिया की कोई गलती साबित नहीं होती।

Scroll to Top