हिमाचल विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन का अधिवेशन 15 अक्टूबर को शिमला में, सीएम सुक्खू होंगे मुख्य अतिथि
शिमला/15/09/2025
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक आज यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष श्री कामेश्वर दत्त शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यूनियन का राज्य स्तरीय अधिवेशन आगामी 15 अक्टूबर 2025 को शिमला के होटल पीटरहॉफ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, और 16 अक्टूबर को यूनियन की राज्य कार्यकारिणी के चुनाव भी संपन्न होंगे। यूनियन ने प्रदेश की सभी इकाइयों से अपील की है कि वे समय रहते अपने सम्मेलन आयोजित कर अधिवेशन की तैयारी पूरी करें। महासचिव हीरा लाल वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि यूनियन का गठन 1971 में हुआ था और तब से यह संगठन कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। वर्तमान समय में बिजली बोर्ड गंभीर संकटों से गुजर रहा है, जहां एक ओर कर्मचारियों की भारी कमी है, वहीं पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, विभिन्न श्रेणियों की पदोन्नतियाँ, JOA की पुष्टि, कंप्यूटर ऑपरेटर के पदोन्नति नियम, फोरमैन, जेई और वरिष्ठ सहायक की लम्बित पदोन्नतियाँ जैसे मुद्दे अब तक लंबित पड़े हैं। यूनियन ने टी-मेट और सहायक लाइनमैन की पदोन्नति सिफारिशों को शिमला बुलाकर रोकने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मांग की कि संबंधित कार्यालय आदेश तुरंत जारी किए जाएं। महासचिव हीरा लाल वर्मा ने कहा कि यह अधिवेशन न केवल संगठनात्मक मजबूती का परिचायक होगा, बल्कि सरकार और प्रबंधन को यह संदेश भी देगा कि बिजली कर्मचारी अब अपने अधिकारों के लिए और अधिक संगठित और गंभीर हैं।