NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कुल्लू में सिलेंडर लीक से आग, एक ही परिवार के पांच लोग झुलसे

कुल्लू/15/09/2025

cilander

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की जल्लूग्रां पंचायत में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर से बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिवार के मुखिया की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार नेपाल मूल के विकास वोहरा बहादुर अपनी पत्नी कमला वोहरा और तीन बच्चों – मनीषा (10 वर्ष), जानिशा (6 वर्ष) और दो माह के शिशु महेश – के साथ दी कोठी चौंग एग्रीकल्चर सर्विस सोसायटी के भवन में किराए पर रहते थे। यह परिवार करीब तीन साल से यहां रह रहा था। रविवार रात खाना खाने के बाद सभी कमरे में सो गए। बताया जा रहा है कि रातभर सिलेंडर से गैस लीक होती रही और सोमवार सुबह करीब 5 बजे विकास वोहरा ने बीड़ी जलाने के लिए लाइटर जलाया तो पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया।

अचानक लगी आग से परिवार के सभी सदस्य झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और छत का हिस्सा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

पंचायत जल्लूग्रां के प्रधान देवेंद्र शर्मा ने कहा कि इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और प्रशासन को तुरंत पीड़ित परिवार को राहत राशि देनी चाहिए। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले में कार्रवाई जारी है।

यह हादसा फिर से सिलेंडर सुरक्षा और जागरूकता की गंभीर जरूरत को उजागर करता है।

Scroll to Top