NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी की बोई पंचायत में भूस्खलन से तबाही: एक महिला की मौत, एक ही परिवार के 5 लोग दबे, राहत कार्य जारी

मंडी/16/09/2025

final pic

हिमाचल प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के कारण मंडी जिले के निहरी तहसील की बोई पंचायत के ब्रगटा गांव में सोमवार देर रात भयानक भूस्खलन हुआ। यह हादसा उस समय हुआ जब पूरा क्षेत्र भारी बारिश की चपेट में था। अचानक पहाड़ी दरकने से एक मकान मलबे में दब गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। अब तक राहत-बचाव कार्य के दौरान दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक महिला का शव बरामद किया गया है। बाकी दो लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर प्रयास कर रहे हैं।

बारिश के कारण इलाके में जमीन लगातार खिसक रही है, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। सड़क मार्ग भी भूस्खलन के चलते बाधित हो गया है, जिससे बचाव दल को मौके पर पहुंचने में परेशानी हुई। फिलहाल स्थानीय ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं, लेकिन हालात गंभीर बने हुए हैं।

इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों — मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार तक प्रदेश में 490 सड़कें, 352 ट्रांसफार्मर और 163 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। बारिश के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर में हल्की बारिश भी हुई। वहीं कांगड़ा जिले के गगल एयरपोर्ट से सभी नियमित उड़ानें संचालित हुईं, लेकिन दोपहर बाद धर्मशाला सहित कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई। चंबा में भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भारी भूस्खलन और पेड़ गिरने से 13 घंटे तक यातायात ठप रहा, जिससे दैनिक उपयोग की वस्तुएं समय पर नहीं पहुंच सकीं।

ऊना जिले में बारिश के कारण बंगाणा क्षेत्र में आलू की बुवाई का कार्य रुक गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश के रुकने के बाद किसान दोबारा खेतों में जुटे। कुल्लू में मौसम साफ रहा और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क सुविधा बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। रविवार रात जोगिंद्रनगर में 56 मिमी, पालमपुर में 48 मिमी, मंडी में 27.5 मिमी सहित कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Scroll to Top