NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में भारी बारिश से मची तबाही: CM सुक्खू ने की भावुक अपील, लोगों से सुरक्षित रहने की गुजारिश

शिमला/16/09/2025

sukhu flood

हिमाचल प्रदेश एक बार फिर कुदरत के कहर से कराह रहा है। बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई है। मंडी, शिमला और हमीरपुर जैसे जिलों में बादल फटने जैसी घटनाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति लापता है।

मंडी जिले के निहरी क्षेत्र से आई सबसे दुखद खबर के मुताबिक, बारिश के कहर ने एक ही झटके में 3 जिंदगियां छीन लीं, जिससे इलाके में मातम फैल गया है। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीम ने मौके से 2 लोगों को सुरक्षित बचाया। वहीं, धर्मपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति के लापता होने की खबर ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। प्रशासन और बचाव दल लापता व्यक्ति की तलाश में युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।

winder

मुख्यमंत्री सुक्खू का दर्द प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि शिमला में खुद उन्होंने इस बारिश की भयावहता को महसूस किया और इस पर अपने बयान में उनका दर्द साफ झलका। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदलती परिस्थितियों ने तबाही का नया मंजर खड़ा किया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है।" मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

प्रशासन को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रशासनिक अमले को हाई अलर्ट पर रखा है। उन्होंने सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के कड़े निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि सरकार की पहली प्राथमिकता हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाना और लापता लोगों को सुरक्षित ढूंढना है।

प्रदेशवासियों से अपील
इस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों से अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे। मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसे देखते हुए मैं सभी से विशेष सावधानी बरतने की अपील करता हूं। कृपया प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।"

मुख्यमंत्री की इस भावुक अपील ने प्रदेशवासियों को एकजुट होने की प्रेरणा दी है और राज्य सरकार ने राहत कार्यों को तेज कर दिया है ताकि इस संकट से जल्द से जल्द उबरा जा सके।

Scroll to Top