NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कुल्लू में केरल की महिला की संदिग्ध हालात में मौत

भुंतर/16/09/2025

maut

भुंतर। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां केरल की रहने वाली 38 वर्षीय महिला नीनू जैकब की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नीनू जैकब पिछले 3-4 दिनों से मणिकर्ण के एक होटल में ठहरी हुई थी। सोमवार देर शाम उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। होटल प्रबंधन ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतका की पहचान नीनू जैकब पुत्री जैकव ए, वर्मिलिंगम हाउस, मुंडकायम डाकघर, कंजीरापल्ली जिला कोट्टायम, केरल के रूप में की है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी संजीव चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के कुल्लू पहुंचने के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

इस घटना से मणिकर्ण क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका शांत स्वभाव की थी और पिछले कुछ दिनों से अकेले ही होटल में रह रही थी। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किस उद्देश्य से कुल्लू आई थी और उसके संपर्क किससे थे।

Scroll to Top