NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी में भूस्खलन से परिवार पर टूटा कहर, मां-बेटे और दादी की मलबे में दबकर मौत

मंडी/16/09/2025

shav

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में भारी बारिश ने एक बार फिर तबाही मचाई है। सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के बरागटा गांव में सोमवार तड़के हुए भूस्खलन में एक मकान मलबे में दब गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने जीवित बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में 34 वर्षीय कमला देवी, उनकी 64 वर्षीय सास टांगों देवी और आठ महीने का मासूम भीम मलबे की चपेट में आ गए। सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया जब राहत कार्य के दौरान मासूम भीम अपनी मां की गोद से लिपटा मृत मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद हर किसी की आंख भर आई।

हादसे के वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था और अचानक पहाड़ी दरकने से मकान ढह गया। भारी बारिश और मार्ग अवरुद्ध होने के कारण प्रशासनिक टीमें समय पर मौके पर नहीं पहुंच पाईं। ऐसे में ग्रामीणों ने ही फावड़े और बेलचों से राहत कार्य शुरू किया और जान जोखिम में डालकर दो परिजनों को सुरक्षित निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन और एसडीएम अमर नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की और प्रभावित परिवार को तुरंत सहायता राशि उपलब्ध करवाई।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि कमला देवी और उनका परिवार मेहनती और मिलनसार था। उनके अचानक चले जाने से गांव की एक जिंदादिल इकाई खत्म हो गई। लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए जीवनदायिनी नहीं, बल्कि विनाशकारी बनती जा रही है और आपदा प्रबंधन की चुनौतियां और बड़ी हो रही हैं।

Scroll to Top