18 लाख महिलाओं को हर महीने मिलेंगे पैसे 25 सितंबर को लांच होगी ऐप
महिलाओं के लिए सरकार एक बड़ी सौगात लेकर आई है। अब उन्हें हर महीने सीधे आर्थिक मदद मिलेगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभा सकें।
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान रखी गई है। एक स्मार्टफोन से 20 से 25 महिलाएं अपना रजिस्ट्रेशन कर पाएंगी। जिन महिलाओं के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे भी किसी एक फोन से पंजीकरण कर सकती हैं। इस तरह महिलाओं को CSR सेंटर या अन्य जगह भागदौड़ करने की जरूरत नहीं होगी।
यह योजना हरियाणा में लागू की जा रही है। योजना का नाम है लाडो लक्ष्मी योजना, जिसके तहत महिलाओं को 1 नवंबर से 2100 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। इसकी जानकारी राज्य की कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत 25 सितंबर को पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री, मंत्री और केंद्रीय मंत्री मिलकर करेंगे।
कृष्ण बेदी ने यह भी बताया कि इस योजना पर सरकार को सालाना लगभग 4,662 करोड़ रुपए खर्च करना होगा। योजना का लाभ वही महिलाएं ले पाएंगी, जो कम से कम 15 सालों से हरियाणा में रह रही हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 28 अगस्त को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इसकी घोषणा की थी। अनुमान है कि इस योजना से 18 से 20 लाख महिलाएं जुड़ेंगी और हर महीने उनके खाते में 2100 रुपए सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।